
रायपुर, 12 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुप्रसिद्ध गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उनके निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर है और संगीत जगत ने एक अमूल्य धरोहर खो दी है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि आशा भोसले का निधन अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि अपनी मधुर, विलक्षण और हृदयस्पर्शी आवाज़ से आशा भोसले ने दशकों तक भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और करोड़ों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई।
उन्होंने आगे कहा कि आशा भोसले का योगदान भारतीय संगीत जगत के लिए अमूल्य है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके गीत आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। उनकी कला, प्रतिभा और समर्पण सदैव याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माँ सरस्वती से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
भारतीय संगीत जगत को अपूरणीय क्षति
आशा भोसले ने अपने करियर में हजारों गीतों को अपनी आवाज़ दी और हिंदी सहित कई भाषाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनका योगदान न सिर्फ फिल्मी संगीत बल्कि ग़ज़ल, पॉप और शास्त्रीय संगीत में भी महत्वपूर्ण रहा है।
उनके निधन से भारतीय संगीत जगत को एक ऐसी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। देशभर के कलाकार, राजनेता और आम नागरिक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।





