जांजगीर-चांपा में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर और 10 हाईवा जब्त
प्रशासन का सख्त एक्शन जारी, कई इलाकों में सघन जांच अभियान; खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 17 अप्रैल 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 ट्रैक्टर और 10 हाईवा वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम लगातार सघन अभियान चला रही है।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, तहसील नवागढ़ क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर 3 ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना नवागढ़ के सुपुर्द किया गया। वहीं तहसील शिवरीनारायण के ग्राम कनस्दा में भी कार्रवाई करते हुए 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया है।

इसके अलावा चांपा, पीथमपुर, हथनेवरा और जांजगीर मुख्य मार्ग पर चलाए गए जांच अभियान के दौरान 10 हाईवा वाहनों को अवैध खनिज परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जब्त किए गए वाहनों को पुलिस लाइन खोखरा और चांपा थाना में रखा गया है।
बताया गया कि जब्त हाईवा वाहनों में से 3 में चूनापत्थर (गिट्टी) और 7 में रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। इन सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर महोबे ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन का अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





