छत्तीसगढ़

Janjgir Champa: नोटिस देने पहुंचे सचिव को पीटा, आरोपी गिरफ्तार

Baloda, Janjgir-Champa News | Panchayat Secretary Assault Case 2026

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र से शासकीय कार्य में बाधा डालने और पंचायत सचिव पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम कुरमा में नोटिस तामील कराने पहुंचे पंचायत सचिव के साथ मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुरमा निवासी अजय कुमार खूटे (36 वर्ष) को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार रुपये की पहली किस्त मिली थी। इसके बावजूद उसने मकान निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। इस पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा उसे नोटिस जारी किया गया था।

नोटिस देने पहुंचे सचिव पर हमला

दिनांक 7 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पंचायत सचिव अपने सहयोगियों के साथ आरोपी के घर नोटिस देने पहुंचे। आरोपी ने नोटिस लेने से साफ इनकार कर दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पंचायत सचिव वहां से लौटने लगे, तभी आरोपी ने उन्हें रोककर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान सचिव को चोटें आईं और आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 221, 121(1), 132 के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, आरक्षक रज्जू रात्रे और महिला आरक्षक चन्द्रप्रभा शांतेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button