छत्तीसगढ़

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

इंस्टाग्राम के जरिए बढ़ी नजदीकी, लॉज में घटना को दिया अंजाम; पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर भेजा जेल

डोंगरगढ़: छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लॉज संचालकों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 10 अप्रैल 2026 को डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि करीब 5-6 महीने पहले एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात रायपुर जिले के भंडारपुरी निवासी 26 वर्षीय विकास कोसले से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे करीबियों में बदल गई।

आरोप है कि 23 मार्च 2026 को आरोपी डोंगरगढ़ पहुंचा और महिला को एक लॉज में लेकर गया। वहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने महिला का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। बाद में जब महिला ने शादी की बात की, तो आरोपी ने इंकार कर दिया और कथित तौर पर वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और आईटी एक्ट की धारा 67(क) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान आरोपी को रायपुर जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर चिंता बढ़ गई है। साथ ही, बिना पहचान सत्यापन के लॉज में कमरा देने की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button