छत्तीसगढ़

औद्योगिक सुरक्षा पर सख्ती: कलेक्टर-एसपी ने दिए कड़े निर्देश, पावर प्लांट्स में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य

हादसों की रोकथाम पर जोर, मॉक ड्रिल, इमरजेंसी प्लान और ‘गोल्डन ऑवर’ में उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 21 अप्रैल 2026। जिले में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह के सभाकक्ष में जिले के सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों और पावर प्लांट प्रबंधन की अहम बैठक ली।

IMG 20260421 WA0309 Console Crptech

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी औद्योगिक इकाइयां सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके लिए आवश्यक उपकरण, मशीनों का रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए।

हादसों की रोकथाम के लिए सख्त निर्देश

कलेक्टर ने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए उद्योगों में अग्निशामक यंत्र, फायर अलार्म, सीसीटीवी कैमरा और मशीनों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। बायलर और अन्य संवेदनशील उपकरणों की समय-समय पर अधिकृत एजेंसियों से जांच कराने के निर्देश भी दिए गए।

‘गोल्डन ऑवर’ में इलाज जरूरी

कलेक्टर ने जोर देते हुए कहा कि किसी भी औद्योगिक दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर इलाज मिलना बेहद जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक उद्योग में एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार टीम और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रहनी चाहिए।

आपदा प्रबंधन और प्रशिक्षण पर जोर

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी औद्योगिक इकाइयों में आपदा प्रबंधन प्रोटोकॉल तैयार किया जाए और कर्मचारियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों की समीक्षा के लिए संयुक्त समिति गठित कर प्रभावी कार्ययोजना लागू करने को कहा गया।

पुलिस विभाग के निर्देश

प्रभारी एसपी श्रीमती निवेदिता पाल ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित की जाए। प्रत्येक प्लांट में क्विक रिस्पांस टीम का गठन हो और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान सहित उद्योगों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button