छत्तीसगढ़

जांजगीर में तलवार लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

खोखरा सूर्या चौक से पुलिस ने आरोपी को दबोचा, धारदार तलवार बरामद

जांजगीर-चांपा | 21 अप्रैल 2026: जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तलवार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि खोखरा सूर्या चौक के पास एक व्यक्ति तलवार लेकर लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरी शंकर सूर्यवंशी (32 वर्ष) निवासी खोखरा, जांजगीर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार तलवार बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button