
बड़ा हादसा टला
बालोद / शादी के सीजन के बीच सड़क हादसों की खबरें भी सामने आ रही हैं। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बारातियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, शर्मा ट्रेवल्स (CG 07 E 1171) की बस कांकेर जिले के अरौद गांव से बारातियों को लेकर बालोद जिले के बड़गांव जा रही थी। जैसे ही बस पुरुर थाना क्षेत्र के जगतरा मंदिर के पास पहुंची, अचानक बस में आग लग गई।
आग लगते ही बस में सवार बारातियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो बड़ी राहत की बात है। हालांकि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।





