राज्यपाल रमेन डेका ने कारखानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

रायपुर, 27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने राज्य में औद्योगिक दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए कारखानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
आज लोक भवन में राज्यपाल से छत्तीसगढ़ शासन के चीफ इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज हिम शिखर गुप्ता ने मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कारखानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। मशीनों की नियमित जांच की जाए और कर्मचारियों को समय-समय पर सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है, जिससे संभावित हादसों को समय रहते रोका जा सके और श्रमिकों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण तैयार किया जा सके।
राज्यपाल के इन निर्देशों के बाद प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।





