छत्तीसगढ़

छापा मारने पहुंची पुलिस की बोलेरो ले उड़ा चोर

गांजा तस्करी की सूचना पर गई थी टीम, गाड़ी में चाबी छोड़ना पड़ा भारी

फिल्मी अंदाज में पुलिस की गाड़ी चोरी!

सरगुजा / छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में पुलिस की छापेमारी के दौरान एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे पुलिस महकमे को चौकन्ना कर दिया। सत्तीपारा इलाके में गांजा तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची कोतवाली पुलिस की टीम की सरकारी बोलेरो गाड़ी ही एक शातिर चोर लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए कुछ ही मिनटों में गाड़ी बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सत्तीपारा क्षेत्र में गांजा बेचने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी गाड़ी खड़ी कर आसपास तलाशी में जुट गए। इसी दौरान जल्दबाजी में बोलेरो की चाबी गाड़ी में ही लगी रह गई।

इसी मौके का फायदा उठाते हुए मुकेश नामदेव नामक एक शातिर युवक ने छत से छलांग लगाई और सीधे पुलिस की गाड़ी तक पहुंच गया। देखते ही देखते वह बोलेरो लेकर मौके से फरार हो गया। जब पुलिसकर्मी वापस लौटे तो गाड़ी गायब देखकर हड़कंप मच गया।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पता चला कि डीएसपी का मोबाइल फोन गाड़ी में ही रह गया है। इसी आधार पर मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई और पुलिस टीम ने पीछा शुरू कर दिया।

लोकेशन के आधार पर पुलिस राम मंदिर के पास पहुंची, जहां से बोलेरो बरामद कर ली गई। इसके बाद आसपास दबिश देकर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

इस घटना के बाद पुलिस विभाग में लापरवाही को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ी क्षति टल गई और आरोपी को समय रहते पकड़ लिया गया।

Related Articles

Back to top button