
जांजगीर-चांपा, 30 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा “सुशासन तिहार 2026” के तहत आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 1 मई से 10 जून 2026 तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे।
इसी क्रम में 2 मई 2026 को जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सरखों के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।
प्रशासन का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित व प्रभावी निराकरण किया जा सके।





