देश

कमाल का कारनामा! 7 साल के ईशांक सिंह ने रचा इतिहास, 29KM समुद्र तैरकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

रांची के नन्हे तैराक ने 9 घंटे 50 मिनट में तलाईमन्नार से धनुषकोड़ी तक समुद्री सफर पूरा कर रचा इतिहास

रांची के 7 साल के ईशांक सिंह ने 29KM पाक जलडमरूमध्य तैरकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। 9 घंटे 50 मिनट में पूरी की दूरी, बने सबसे कम उम्र के और सबसे तेज तैराक।

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के 7 वर्षीय नन्हे तैराक ईशांक सिंह ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। ईशांक ने श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोड़ी तक लगभग 29 किलोमीटर लंबे खतरनाक समुद्री रास्ते, पाक जलडमरूमध्य को तैरकर पार कर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

ईशांक ने यह दूरी महज 9 घंटे 50 मिनट में पूरी की, जिसके साथ ही वह दुनिया के सबसे कम उम्र और सबसे तेज तैराक बन गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्हें ‘यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम’ (URF World Records) की ओर से ‘Youngest and Fastest Palk Strait Swimmer’ का प्रमाणपत्र दिया गया है।

इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के जय जसवंत के नाम था, जिन्होंने वर्ष 2019 में 10 साल की उम्र में यह दूरी 10 घंटे 30 मिनट में पूरी की थी। ईशांक ने इस रिकॉर्ड को तोड़कर नया इतिहास रच दिया है।

ईशांक सिंह रांची के डोरंडा स्थित जवाहर विद्या मंदिर (JVM श्यामली) स्कूल के तीसरी कक्षा के छात्र हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए धुर्वा डैम में रोजाना 4 से 5 घंटे तक कड़ी मेहनत की। उनके प्रशिक्षक अमन जयसवाल और बजरंग कुमार के मार्गदर्शन में उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

उनकी इस उपलब्धि पर रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी बधाई दी और इसे पूरे देश के लिए गर्व का पल बताया।

ईशांक की यह सफलता साबित करती है कि उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन हौसले बड़े होने चाहिए। उनका यह कारनामा देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।

वीडियो

 

Related Articles

Back to top button