अंतर्राज्यीय मवेशी तस्करी गिरोह का भंडाफोड़: 5 आरोपी गिरफ्तार, 15 भैंस और 3 पिकअप जब्त
शिवरीनारायण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹22.5 लाख का माल बरामद, आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

जांजगीर-चांपा, 03 मई 2026। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शिवरीनारायण थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 भैंस, 3 पिकअप वाहन और करीब ₹22.5 लाख का माल जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 मई की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग पिकअप वाहनों में मवेशियों को अवैध रूप से ओडिशा ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शिवरीनारायण क्षेत्र में राघव इन होटल के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने CG और ओडिशा नंबर के तीन पिकअप वाहनों को रोका। तलाशी लेने पर प्रत्येक वाहन में 5-5 भैंसों को ठूंसकर और रस्सियों से बांधकर ले जाया जा रहा था, जो पशु क्रूरता के दायरे में आता है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने मवेशी तस्करी की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- मुकेश ऐडजा (26) – बरगढ़
- राजेश मांझी (26) – बरगढ़
- निरंजन कोलारी (25) – बरगढ़
- रूपेश कुमार (20) – बरगढ़, ओडिशा
- प्रकाश राणा (32) – बरगढ़, ओडिशा





