
जांजगीर-चांपा, 07 मई 2026। जिले में यातायात पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई। सारागांव थाना क्षेत्र के हाईवे रोड स्थित उत्तम ढाबा के पास लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार लेकर लोगों को धमका रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 06 मई 2026 को हाईवे रोड सारागांव क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी कि हथनेवरा निवासी एक युवक धारदार लोहे का हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही यातायात शाखा चांपा की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह कर रहे थे। उनके साथ आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले और सुनील सिंह राजपूत मौजूद थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया और किसी भी संभावित अनहोनी को होने से पहले रोक दिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रकाश सूर्यवंशी (30 वर्ष), निवासी हथनेवरा थाना चांपा के रूप में हुई।
घटना स्थल थाना सारागांव क्षेत्र में होने के कारण आरोपी को सारागांव पुलिस के सुपुर्द किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।





