छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा पुलिस का देर रात बड़ा ऑपरेशन: 600 घरों में दबिश, 300 ट्रक-ट्रेलरों की जांच, अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा / जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने रविवार देर रात से सोमवार तड़के तक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में संयुक्त पुलिस बल ने कॉम्बिंग गश्त करते हुए निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 600 से अधिक मकानों और हाईवे पर चल रहे 300 से ज्यादा ट्रक-ट्रेलरों की जांच की।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में थाना एवं चौकी प्रभारी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस टीम ने रातभर जिले के संवेदनशील इलाकों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और सुनसान जगहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

120 निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर पहुंची पुलिस

पुलिस द्वारा जिले के करीब 120 निगरानी और गुंडा बदमाशों के घरों एवं ठिकानों पर पहुंचकर सत्यापन और पूछताछ की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई लोगों को सख्त चेतावनी भी दी गई।

अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग की गई। साथ ही वाहन चालकों और क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और आधार कार्ड के आधार पर सत्यापन किया गया।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 20 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन चालकों से कुल 6,400 रुपये का समन शुल्क वसूला।

अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

थाना अकलतरा पुलिस ने अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 पाव देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब के साथ 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। इस मामले में पुलिस ने अकलतरा निवासी 27 वर्षीय आरोपी अविनाश मार्बल को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस की आम लोगों से अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस की सुरक्षा और चेकिंग संबंधी कार्रवाई में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाना में दें।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button