जांजगीर में मानवता की मिसाल: घायल युवक को सरकारी गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचीं एसपी निवेदिता पाल

जांजगीर, 13 मई 2026। पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए सड़क हादसे में घायल युवक की जान बचाने के लिए तत्परता दिखाई। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे शासकीय कन्या महाविद्यालय जांजगीर मेन रोड पर एक मोटरसाइकिल चालक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय जांजगीर-चांपा जिले की प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल मौके से गुजर रही थीं। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने बिना देरी किए घायल युवक की मदद की और उसे स्वयं अपने शासकीय वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने के बाद एसपी ने डॉक्टरों को घायल युवक का समुचित उपचार करने के निर्देश भी दिए। समय पर इलाज मिलने से युवक की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
एसपी निवेदिता पाल की इस संवेदनशील पहल की लोगों ने सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस का यह मानवीय चेहरा समाज में सकारात्मक संदेश देता है और जरूरतमंदों के प्रति भरोसा मजबूत करता है।
घायल युवक ने भी समय पर मिली मदद और सहयोग के लिए पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया।





