Viral Video: टीनशेड के साथ कई फीट ऊपर हवा में उड़ा युवक, वीडियो देख लोग रह गए दंग
तेज आंधी में कई फीट ऊपर उड़ा ई-रिक्शा चालक, हाथ-पैर टूटने की जानकारी

बरेली | उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक तेज तूफान के दौरान हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवक टीनशेड पकड़कर खड़ा था, तभी तेज आंधी में टीन उखड़ गई और युवक उसके साथ कई फीट ऊपर हवा में चला गया।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
टीनशेड के साथ हवा में उड़ा युवक
मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले युवक की पहचान नन्हे मियां के रूप में हुई है, जो बभियाना गांव का निवासी और ई-रिक्शा चालक बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि तेज तूफान के दौरान नन्हे मियां एक बारातघर के पास टीनशेड का पाया पकड़कर खड़े थे। इसी दौरान तेज आंधी के कारण टीनशेड उखड़ गई और युवक भी उसके साथ हवा में ऊपर उठ गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि टीन नीचे गिर जाती है, लेकिन युवक कुछ देर तक हवा में दिखाई देता है और फिर नीचे आकर गिर जाता है।
हाथ-पैर में गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में युवक के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। बताया गया है कि उसके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और इलाज के लिए उसे देवचरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को एसडीएम आंवला ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का हालचाल भी जाना।
15 मिनट की आंधी से शहर में ब्लैकआउट
बुधवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने बरेली शहर की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित कर दी। करीब 15 मिनट चली तेज आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि शहर के 26 उपकेंद्रों की 33 केवी बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद करनी पड़ी। कई जगह पेड़ गिरने, इंसुलेटर फुंकने और लाइन क्षतिग्रस्त होने की वजह से घंटों तक बिजली बाधित रही।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। कई लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं, जबकि कुछ लोग तेज आंधी और खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।

