छत्तीसगढ़

Janjgir Champa Murder Case: एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या का खुलासा, जमीन विवाद में पिता-पुत्र ने रची थी साजिश

जांजगीर-चांपा | 14 मई 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवतरा में हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक जमीन विवाद के चलते चार लोगों की धारदार हथियार से हत्या की गई थी। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

एक ही परिवार के 4 लोगों की हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह सूचना मिली थी कि ग्राम भवतरा में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

एसपी निवेदिता पाल और एएसपी पहुंचे मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप स्वयं घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने पुलिस टीम को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी पहले भी काट चुका है आजीवन कारावास

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोनसाय कश्यप वर्ष 2009 में अपने सगे छोटे भाई की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। वह करीब दो वर्ष पहले जेल से रिहा होकर वापस गांव आया था।

बताया जा रहा है कि जेल से लौटने के बाद से ही उसका अपने पिता के साथ जमीन को लेकर विवाद चलता था। इस संबंध में पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी थी।

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button