छत्तीसगढ़

सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से रोकना पड़ा भारी, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सार्वजनिक जगह पर शराब…फिर मर्डर!

जांजगीर-चांपा / पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामला थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम तनौद का है, जहां सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना करने पर हुए विवाद में एक युवक के पिता की हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमाशंकर साहू (34 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

शराब पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 14 मई 2026 की रात ग्राम तनौद में पंचराम पटेल के घर के सामने सत्यवान महिपाल बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी उमाशंकर साहू वहां पहुंचा और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने लगा। जब सत्यवान ने इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आया।

विवाद बढ़ता देख सत्यवान के पिता मोहनलाल महिपाल बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मोहनलाल मौके पर बेहोश होकर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान

परिजन गंभीर हालत में मोहनलाल महिपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरौद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा

प्रार्थी सत्यवान महिपाल की रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 170/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 15 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button