समस्तीपुर में रेलवे ट्रैक पर मौत को मात: ऊपर से गुजर गई पूरी ट्रेन, मां ने बच्चों को सीने से लगाकर बचाई जान, वायरल वीडियो देख कांप उठेंगे आप

मौत सामने थी…लेकिन मां डरी नही!
बिहार के समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक मां अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चों और साथ मौजूद महिलाओं की जिंदगी बचाती नजर आ रही है। घटना का वीडियो देखकर लोग मां की बहादुरी को सलाम कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, तीन महिलाएं दो छोटे बच्चों के साथ रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार ट्रेन ट्रैक पर पहुंच गई। ट्रेन को बेहद करीब देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिलाओं के पास संभलने का समय नहीं बचा।
अचानक सामने आई ट्रेन, महिलाओं ने दिखाई सूझबूझ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन को नजदीक आता देख महिलाओं ने तुरंत फैसला लिया और बच्चों को लेकर रेलवे पटरी के बीच बने खाली हिस्से में नीचे झुककर बैठ गईं। कुछ ही सेकंड में ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन गुजरने तक महिलाएं और बच्चे जमीन से सटे बैठे रहते हैं। आसपास मौजूद लोग डर के कारण चिल्लाने लगते हैं। ट्रेन निकलने के बाद सभी के सुरक्षित बाहर आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
बच्चों को सीने से लगाकर बैठी रही मां
इस घटना में सबसे ज्यादा चर्चा उस मां की हो रही है जिसने ट्रेन गुजरने तक बच्चों को अपनी बाहों में कसकर पकड़े रखा। बताया जा रहा है कि महिला को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन उसने बच्चों को सुरक्षित बचा लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को देखकर लोग मां की हिम्मत और सूझबूझ की जमकर तारीफ कर रहे हैं। हालांकि रेलवे ट्रैक पार करने को लेकर लोग सतर्क रहने की भी अपील कर रहे हैं।


