Rajdhani Express Fire News: चलती राजधनी एक्सप्रेस में लगी आग, गार्ड और लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Rajdhani Express Fire News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पास शुक्रवार सुबह तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधनी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के एसी कोच से धुआं उठता देख गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, आग एसी कोच B-1 में लगी थी। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए प्रभावित कोच को करीब 20 मिनट के भीतर ट्रेन से अलग कर दिया। इससे आग अन्य डिब्बों तक नहीं पहुंच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, रेलवे अधिकारी और आसपास के स्टेशनों से राहत दल मौके पर पहुंचा। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 7:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक कोच का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित कोच में सफर कर रहे सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित दूसरे डिब्बों में शिफ्ट कर दिया गया। ट्रेन को बाद में करीब साढ़े चार घंटे की देरी से रवाना किया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच जोड़ने की व्यवस्था भी की गई।
हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोकना पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली सप्लाई भी बंद की गई थी। इस घटना से कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। ट्रैक को सुरक्षित घोषित करने के बाद सुबह करीब 9:30 बजे रेल यातायात बहाल कर दिया गया।
रेलवे ने आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





