Crime

रीवा में पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या, दोस्त पर लगा पार्टी के बहाने बुलाकर वारदात करने का आरोप

पार्टी के बहाने बुलाया, फिर कनपटी पर मारी गोली; रीवा में पुलिसकर्मी की हत्या से सनसनी

रीवा / मध्य प्रदेश के रीवा जिले में देर रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात को मृतक के दोस्त ने अंजाम दिया और घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मृतक की पहचान राकेश कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो मैहर जिले के रामनगर थाना में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि देर रात उन्हें समान थाना क्षेत्र के गड़रिया इलाके में रहने वाले दोस्त राकेश तिवारी ने पार्टी के बहाने अपने घर बुलाया था।

जानकारी के मुताबिक, पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगने से राकेश कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई और इलाज में भी लापरवाही बरती गई, जिसकी वजह से पुलिसकर्मी की जान नहीं बच सकी।

मृतक की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल समान थाना पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button