चांपा में बनेगा गौ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष ने किया स्थल निरीक्षण

श्री कृष्ण गौशाला चांपा में पंचगव्य अनुसंधान और गौ संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
चांपा, 22 मई 2026। छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल ने शुक्रवार को श्री कृष्ण गौशाला चांपा का निरीक्षण कर प्रस्तावित गौ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र की संभावित स्थल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गौ सेवा, संरक्षण और अनुसंधान कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौशाला में प्रस्तावित इस अनुसंधान केंद्र का उद्देश्य गौ माता के संरक्षण, संवर्धन, चिकित्सा तथा पंचगव्य आधारित उत्पादों के अनुसंधान को बढ़ावा देना है। केंद्र में गोबर और गोमूत्र से बनने वाले पंचगव्य उत्पादों का परिशोधन कर औषधीय एवं अन्य उपयोगों पर विस्तृत शोध किया जाएगा। साथ ही गौ पालन, नस्ल सुधार और गौ संरक्षण से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
अध्यक्ष विशेषर पटेल ने कहा कि प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों को गौ पालन और पंचगव्य की उपयोगिता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जैविक उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, गौ अनुसंधान केंद्र की मांग को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि अखिलेश कोमल पांडेय ने हाल ही में बिलासपुर प्रवास के दौरान विशेषर पटेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था।
वहीं पूर्व राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नंदकुमार साय की सांसद निधि से लगभग 10 लाख रुपए की लागत से श्री कृष्ण गौशाला चांपा में नए गौशाला भवन का निर्माण कराया गया था। अब गौ अनुसंधान केंद्र की मांग भी पूरी होती नजर आ रही है।
भाजपा नेता अखिलेश कोमल पांडेय ने बताया कि गौशाला में जल्द ही नए भवन, शेड, बाउंड्रीवाल और सौर ऊर्जा प्रणाली का निर्माण कराया जाएगा। इससे गौवंश को सुरक्षित और संरक्षित रखने में मदद मिलेगी। साथ ही गौशाला में गौवंश की संख्या बढ़ाकर पंचगव्य निर्माण और अनुसंधान कार्यों को गति दी जाएगी।
इस अवसर पर पशु चिकित्सक, गौ सेवक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





