जांजगीर-चांपा पुलिस को मिली अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, वैज्ञानिक जांच से अपराधियों तक पहुंचना होगा आसान

IG रामगोपाल गर्ग और SP विजय पाण्डेय ने दिखाई हरी झंडी
जांजगीर-चांपा, 24 मई 2026। जिले की पुलिस को अपराध जांच के क्षेत्र में बड़ी तकनीकी सौगात मिली है। जांजगीर-चांपा पुलिस को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल फॉरेंसिक वैन प्राप्त हुई है, जिसे 23 मई 2026 को पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग एवं एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन के शुरू होने से अब घटनास्थल पर एफएसएल टीम तुरंत पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कर सकेगी। इससे अपराधों की जांच में तेजी आएगी और आरोपियों तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान होगा।
एफएसएल अधिकारी सृष्टि राय ने बताया कि यह मोबाइल फॉरेंसिक वैन अत्याधुनिक तकनीकी उपकरणों से लैस है। इसकी मदद से घटनास्थल पर ही डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों का संग्रहण, परीक्षण और विश्लेषण किया जा सकेगा। इससे जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी, सटीक और पारदर्शी बनेगी।
उन्होंने बताया कि वैन में ऐसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनसे घटनास्थल पर मौजूद सूक्ष्म साक्ष्यों की पहचान और वैज्ञानिक अध्ययन तुरंत संभव होगा। पुलिस विभाग की यह पहल अपराध नियंत्रण और वैज्ञानिक अनुसंधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मोबाइल फॉरेंसिक वैन की प्रमुख विशेषताएं
- सूक्ष्म साक्ष्यों, रेशों, कणों एवं अन्य पदार्थों का निरीक्षण और विश्लेषण
- फिंगर प्रिंट की खोज, डेवलपमेंट, संग्रहण एवं तुलना
- घटनास्थल और साक्ष्यों की हाई क्वालिटी फोटोग्राफी एवं वीडियो रिकॉर्डिंग
- डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच और डेटा विश्लेषण
- जैविक नमूनों एवं संवेदनशील साक्ष्यों का सुरक्षित संरक्षण
- नमूनों का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण और रिपोर्ट तैयार करना
- बारकोड स्कैनिंग, लेबलिंग एवं साक्ष्य ट्रैकिंग की सुविधा
- बिजली, संचार और डेटा प्रबंधन के साथ मौके पर त्वरित कार्रवाई
- पुलिस एवं जांच एजेंसियों को घटनास्थल पर वैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराना
इस अवसर पर जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, सीएसपी योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और एफएसएल टीम मौजूद रही।





