चांपा में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान, नए विद्युत सब स्टेशन निर्माण को लेकर कांग्रेस नेता गिरधारी यादव ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

भीषण गर्मी में बिजली कटौती से हाहाकार, निरीक्षण करने कलेक्टर से आग्रह
जांजगीर-चांपा। भीषण गर्मी के बीच चांपा नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती और विद्युत विभाग की लापरवाही से आमजन परेशान हैं। घंटों बिजली गुल रहने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बाधित होने से जल आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे नागरिकों की परेशानी और बढ़ गई है।

इसी समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव गिरधारी यादव ने कलेक्टर जांजगीर-चांपा को ज्ञापन सौंपकर चांपा शहर की विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की है। उन्होंने जिला स्थापना दिवस 25 मई के अवसर पर कलेक्टर का ध्यान शहर की गंभीर बिजली समस्या की ओर आकर्षित कराया।
गिरधारी यादव ने ज्ञापन में कहा कि चांपा शहर में लगातार बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गर्मी के मौसम में बार-बार बिजली जाने से नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नए विद्युत सब स्टेशन के निर्माण की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कलेक्टर से चांपा शहर पहुंचकर विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करने का आग्रह किया है। साथ ही बताया कि नए सब स्टेशन के लिए भूमि आवंटन हेतु विद्युत विभाग द्वारा नगर पालिका और राजस्व विभाग को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
गिरधारी यादव ने मांग की है कि गांधी भवन के पास नए विद्युत सब स्टेशन के लिए तत्काल भूमि आवंटित किया जाए और शासन को प्रस्ताव भेजकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि चांपा शहर को बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या से राहत मिल सके।





