छत्तीसगढ़

पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव, आरोपी महिला गिरफ्तार

प्यार धोखा और हत्या!

बिलासपुर / छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या करवा दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला ने पहले पति को पैसों का लालच देकर बिलासपुर बुलाया, फिर सुनसान इलाके में उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया।

image 8 1779701551 Console Crptech
आरोपी महिला

मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार झारखंड के सिमडेगा जिले निवासी विनोद लिमगा मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी पूनम लिमगा की पहचान फेसबुक के जरिए सुगड़ तोपड़ो नामक युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले महिला अपने दो बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई थी, लेकिन करीब 15 दिनों बाद वापस घर लौट आई। इसके बाद उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रेमी ने विनोद को फोन कर बिलासपुर आने पर 10 हजार रुपए देने और पत्नी को छोड़ने की बात कही। इस झांसे में आकर विनोद 19 मई को पत्नी के साथ बिलासपुर पहुंच गया। यहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उसे रेलवे ट्रैक के पास सुनसान इलाके में ले जाकर दुपट्टे से गला घोंटा और फिर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को झाड़ियों और कीचड़ के बीच फेंक दिया गया।

घटना के बाद महिला अकेले अपने गांव लौट गई। उसे अकेले देखकर परिजनों को शक हुआ। पूछने पर महिला ने बताया कि उसका पति बिलासपुर में ही रुका हुआ है। इसके बाद परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स खंगालने के दौरान पुलिस को महिला पर संदेह हुआ। कड़ी पूछताछ में वह टूट गई और हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों से विनोद का सड़ा-गला शव बरामद किया।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी पूनम लिमगा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी सुगड़ तोपड़ो, इंदल मांझी और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की टीम झारखंड रवाना की गई है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button