Janjgir Champa: पैसा डबल के नाम पर 18 लाख की ठगी, शेयर मार्केट और जमीन निवेश का झांसा देने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पामगढ़ पुलिस ने “पैसा डबल” करने का झांसा देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी निवेशकों को जमीन खरीदी-बिक्री में पार्टनरशिप और शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38 वर्ष) निवासी कटौद थाना नवागढ़, हाल मुकाम पामगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी पामगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता था। उसने ग्राम चेउडीह निवासी कार्तिकेश्वर रात्रे को निवेश करने पर रकम डबल होने का भरोसा दिलाया।
प्रार्थी ने आरोपी की बातों में आकर फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद मिलाकर कुल 18 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। रकम की व्यवस्था करने के लिए पीड़ित ने अपना खेत तक गिरवी रख दिया और परिचितों से भी उधार लिया।
आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसा होने का बहाना बनाता रहा। जब लंबे समय तक न तो मुनाफा मिला और न ही रकम वापस हुई, तब पीड़ित ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में थाना पामगढ़ प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को पामगढ़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पैसा डबल करने, फर्जी निवेश योजनाओं और शेयर मार्केट में गारंटीड मुनाफे के झांसे से सावधान रहें। किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।





