छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा एक्शन: जनता से अशिष्ट व्यवहार पर दुर्ग जनपद पंचायत सीईओ निलंबित

सुशासन तिहार 2026 के दौरान जनता से अशिष्ट व्यवहार के आरोप में दुर्ग जनपद पंचायत सीईओ रूपेश कुमार पाण्डेय निलंबित। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश।

रायपुर, 1 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सुशासन में जवाबदेही सर्वोपरि है और जनता के साथ अशिष्ट व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में आम नागरिकों से कथित अशिष्ट व्यवहार और कर्तव्य में लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रूपेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद दुर्ग संभागायुक्त ने सीईओ रूपेश कुमार पाण्डेय के निलंबन का आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि ग्राम थनौद में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान आम जनता के साथ अशिष्ट व्यवहार संबंधी वीडियो क्लिप और कलेक्टर दुर्ग से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि अधिकारी ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही और अनुचित व्यवहार किया।

संभागायुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 और नियम 3-क के प्रावधानों के विपरीत पाया गया। इस संबंध में अधिकारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोटूक कहा है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शासन और प्रशासन जनता के प्रति जवाबदेह है। प्रत्येक लोकसेवक का दायित्व है कि वह नागरिकों के साथ सम्मानजनक और शिष्ट व्यवहार करे। जनता की शिकायतों के समाधान के लिए आयोजित शिविरों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निलंबन आदेश के अनुसार, रूपेश कुमार पाण्डेय को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और कदाचार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई को प्रशासनिक जवाबदेही और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button