छत्तीसगढ़

मिस्टर जांजगीर-चांपा बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप 2026: हल्क फिटनेस क्लब के खिलाड़ियों ने जीते कई पदक, जिले का बढ़ाया मान

चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के गांधी भवन मैदान, चांपा में आयोजित मिस्टर जांजगीर-चांपा बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य एवं सफल आयोजन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 150 बॉडी बिल्डरों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा, फिटनेस और कड़ी मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हल्क फिटनेस क्लब, जांजगीर-चांपा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक और सम्मान अपने नाम किए। खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने जिले का गौरव बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को फिटनेस और खेलों के प्रति प्रेरित किया।

हल्क फिटनेस क्लब के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता में पदक एवं सम्मान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में मार्कस बॉरो, आकाश कश्यप, अभिजीत सिंह राजपूत, विशाल पटेल, गजानंद “गज्जू” मैन्यूर, बीरूलाल केवट, अमित, भवेश साहू, चंद्रहास विश्वकर्मा, राकेश कुमार कुम्हार, रविंद्र पटेल, आशीष कुमार यादव, पोखराज सिंह, गौरव बरेठ, विकास कश्यप, यश कसेर, शुभ राठौर, परवेज़, अमिता केवट, दीपक कुमार, अजय यादव और मुरली देवांगन प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कई वर्गों में हुई प्रतियोगिताएं

चैंपियनशिप में सीनियर बॉडी बिल्डिंग, मास्टर ग्रुप (40 वर्ष से अधिक आयु), राष्ट्रीय स्तर के दिव्यांग बॉडी बिल्डर वर्ग तथा मेंस फिजिक (मॉडलिंग) जैसी विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और खूब तालियां बटोरीं।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने शिरकत की। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की।

आयोजन को मिला व्यापक सहयोग

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में डीबी वेंचर्स के संचालक धीरेन्द्र बाजपेयी का विशेष योगदान रहा। वहीं गोविंद रेसीडेंसी एवं पंजाब हवेली के संचालक गोल्डी ढिल्लोन सहित कई समाजसेवियों, खेल प्रेमियों और सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आयोजन समिति के सदस्य मोहम्मद सलीम बख्शी, गुलाम मुस्तफा नूरी, किशन वर्मा, सुनील यादव, शिव देवांगन, विकास कुमार तथा जांजगीर-चांपा बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन की पूरी टीम ने सभी सहयोगकर्ताओं, प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

फिटनेस और नशामुक्त जीवन का संदेश

आयोजकों के अनुसार, यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने वाला मंच भी साबित हुई। भविष्य में भी जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन लगातार किए जाएंगे।

कोच कैलाश वर्मा और किशन वर्मा के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहे खिलाड़ी

हल्क फिटनेस क्लब के कोच कैलाश वर्मा और किशन वर्मा के मार्गदर्शन में क्लब के सदस्य बॉडी बिल्डिंग, फिटनेस मॉडलिंग, पावर लिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग, आर्म रेसलिंग और मेंस-विमेंस मॉडलिंग जैसी प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। क्लब जिले के नए खिलाड़ियों को तैयार करने और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

Related Articles

Back to top button