छत्तीसगढ़

ब्लैकमेलिंग से तंग युवक ने खाया जहर, निजी फोटो वायरल करने की धमकी देने वाली महिला राजनांदगांव से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 7 जून 2026। अकलतरा पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और साइबर अपराध के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव निवासी एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवक के निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महिला आरोपी उसे लगातार निजी और आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रही थी। आरोपी ने कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर फोटो पोस्ट करने की धमकी देकर पैसों की मांग की थी। लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक दबाव से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास कर लिया।

12 से 15 दिनों से चल रही थी ब्लैकमेलिंग

जांच में पता चला कि पीड़ित और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे। करीब 12 से 15 दिन पहले आरोपी ने युवक के निजी फोटो उसके और उसके परिवार के मोबाइल नंबरों पर भेजने शुरू किए। इसके बाद फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग की जाने लगी। लगातार प्रताड़ना के कारण युवक ने जहर खा लिया।

परिजनों द्वारा युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह पिछले सात दिनों से बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

व्हाट्सएप चैट और मोबाइल बने अहम सबूत

मामले में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत धारा 308(2) बीएनएस और 67 आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और व्हाट्सएप चैट के आधार पर राजनांदगांव पहुंचकर महिला आरोपी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन जब्त कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे एवं आरक्षक राजा रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button