बोलेरो सवारों का आतंक: ASI के बेटे को कुचला, पीछा करने वाले युवक का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, CCTV वायरल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में देर रात बोलेरो सवार युवकों द्वारा सरेराह उत्पात मचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने पहले कुछ लोगों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की और फिर एक युवक को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद वाहन का पीछा करने वाले एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
देर रात हुआ विवाद, फिर मचाया उत्पात
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास से बलगी मार्ग तक शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच बोलेरो सवार युवकों और दूसरे पक्ष के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कुछ युवकों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया।
इसी दौरान चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू नामक युवक को बोलेरो से टक्कर मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
ASI के बेटे को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि घायल युवक चंद्रमणि रात्रे जिला पुलिस बल में पदस्थ एएसआई रामनारायण रात्रे का पुत्र है। घटना के बाद उसके साथी अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर दुर्घटनाकारित बोलेरो का पीछा करने के लिए स्कूटी से निकल पड़े।
पीछा करने वाले युवक का अपहरण, 30 युवकों ने की पिटाई
पीड़ित पक्ष के अनुसार, पीछा करने के दौरान बोलेरो सवार आरोपियों ने अरविंद राठौर को पकड़ लिया और जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद करीब 25 से 30 युवकों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसे अधमरी हालत में सड़क किनारे छोड़ दिया और फरार हो गए।
कुछ समय बाद राहगीरों ने घायल युवक को सड़क किनारे पड़ा देखा, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में बोलेरो और युवकों की गतिविधियां कैद होने की बात कही जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस ने शुरू की तलाश
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
CCTV वीडियो





