अनोखी प्रेम कहानी: 5 बच्चों की मां ने 19 साल के लड़के से की शादी, रॉन्ग नंबर से शुरू हुआ था प्यार

रॉन्ग नंबर से शुरू हुई बातचीत, फिर हुआ प्यार और अब शादी!
जमुई। बिहार के जमुई जिले से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा छेड़ दी है। खैरा थाना क्षेत्र के खडूई बरियारपुर गांव के 19 वर्षीय महावीर ठाकुर ने अपने से 26 वर्ष बड़ी 45 वर्षीय सीमा परवीन से विवाह कर लिया है। खास बात यह है कि सीमा परवीन पांच बच्चों की मां हैं और लंबे समय से अपने पहले पति से अलग रह रही थीं।
दोनों ने विवाह के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने रिश्ते की जानकारी सार्वजनिक की, जिसके बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया।
रॉन्ग नंबर से शुरू हुई प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले महावीर ठाकुर ने अपने एक मित्र को फोन लगाया था, लेकिन कॉल गलती से पूर्णिया निवासी सीमा परवीन के नंबर पर लग गया। बातचीत के दौरान दोनों का परिचय हुआ और धीरे-धीरे फोन पर संपर्क बढ़ने लगा।
समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती गई और यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। महावीर का कहना है कि दोनों एक-दूसरे के विचारों और स्वभाव से प्रभावित हुए, जिसके बाद साथ जीवन बिताने का फैसला किया।
कोलकाता में की शादी
महावीर के मुताबिक, कुछ समय बाद सीमा परवीन उनसे मिलने कोलकाता पहुंचीं। वहां दोनों ने आपसी सहमति से एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।
महावीर ने कहा कि उन्हें सीमा की उम्र, अतीत या पारिवारिक परिस्थितियों से कोई फर्क नहीं पड़ता। वह सीमा को दिल से अपना चुके हैं और उनके साथ खुशहाल जीवन बिताना चाहते हैं।
सीमा परवीन ने बताई अपनी कहानी
पूर्णिया की रहने वाली सीमा परवीन ने बताया कि उनकी पहली शादी मोहम्मद मनन आलम से हुई थी। हालांकि वैवाहिक जीवन में लंबे समय से तनाव और परेशानियां थीं। इसी दौरान उनकी बातचीत महावीर से शुरू हुई, जिसने उन्हें भावनात्मक सहारा दिया।
सीमा का कहना है कि उन्होंने पूरी तरह अपनी इच्छा और बिना किसी दबाव के महावीर के साथ नया जीवन शुरू करने का निर्णय लिया है।
मामला पहुंचा थाने
जब इस विवाह की जानकारी ग्रामीणों को मिली तो मामला चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने दोनों को खैरा थाना बुलाकर पूछताछ की।
खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि जांच में दोनों बालिग पाए गए और दोनों अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं। पूछताछ के दौरान किसी प्रकार की जबरदस्ती या कानूनी बाधा सामने नहीं आई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक समझाइश देकर दोनों को जाने दिया।
फिलहाल उम्र और धर्म की सीमाओं को पार कर सामने आई यह प्रेम कहानी पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।





