किसानों को शासकीय दर पर मिला यूरिया, कृषि विभाग ने जब्त खाद का कराया वितरण

जांजगीर-चांपा। जिले में किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में अधिक कीमत पर बेचे जाने के आरोप में जब्त किए गए यूरिया का मंगलवार को किसानों के बीच शासकीय निर्धारित दर पर वितरण किया गया।
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में 2 जून 2026 को जांजगीर स्थित मेसर्स नानंकचंद नंद किशोर उर्वरक विक्रय केंद्र पर औचक जांच की गई थी। जांच के दौरान उप संचालक कृषि स्वयं किसान बनकर पहुंचे और पाया कि शासकीय निर्धारित मूल्य 266.50 रुपये प्रति बोरी के बजाय यूरिया 850 रुपये प्रति बोरी में बेचा जा रहा था। मामले की पुष्टि होने पर विभाग ने संबंधित उर्वरक भंडार में उपलब्ध यूरिया को जब्त कर लिया था।
कृषि विभाग द्वारा जब्त किए गए यूरिया का वितरण मंगलवार, 9 जून 2026 को किसानों की मांग और खरीफ सीजन की जरूरतों को देखते हुए किया गया। उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों का पालन करते हुए किसानों को 266.50 रुपये प्रति बोरी की शासकीय दर पर यूरिया उपलब्ध कराया गया।
विभाग ने वितरण में लघु, सीमांत और मध्यम किसानों को प्राथमिकता दी। किसानों के खेती के रकबे के आधार पर उन्हें आवश्यक मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराया गया। पूरी प्रक्रिया उप संचालक कृषि की निगरानी में संपन्न हुई।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी और अधिक मूल्य वसूली पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





