छत्तीसगढ़

Instagram पर महिला का निजी वीडियो वायरल करने वाला आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में महिला का निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संतोष सोनी (28 वर्ष) निवासी चांपा और पीड़िता के बीच पिछले चार वर्षों से परिचय था। इसी दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी और सहमति के बिना उसके निजी फोटो एवं वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए थे।

बताया जा रहा है कि समय के साथ दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने बदले की भावना से महिला के निजी और आपत्तिजनक वीडियो इंस्टाग्राम के माध्यम से भेज दिए। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर थाना चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज कर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 एवं 67(ए) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

Related Articles

Back to top button