25 साल की पत्रकारिता के बाद राजनीति में आए रामचरण आदित्य, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ बालको मंडल के संयोजक बने

कोरबा। जिले में करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय और अपनी निर्भीक लेखनी के लिए पहचान रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं आरटीआई कार्यकर्ता रामचरण आदित्य ने अब सार्वजनिक जीवन में नई भूमिका की शुरुआत की है। उन्हें भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के बालको मंडल का संयोजक नियुक्त किया गया है।
रामचरण आदित्य लंबे समय से पत्रकारिता और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए जाने जाते हैं। अपने पत्रकारिता जीवन के दौरान उन्होंने विभिन्न सार्वजनिक समस्याओं, प्रशासनिक मुद्दों और कथित अनियमितताओं को प्रमुखता से उजागर किया। उनके द्वारा उठाए गए कई मामलों पर संबंधित विभागों द्वारा जांच और कार्रवाई भी की गई।
नियुक्ति के बाद रामचरण आदित्य ने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से उन्होंने वर्षों तक समाज की समस्याओं को सामने लाने का कार्य किया है। अब संगठन की जिम्मेदारी मिलने के बाद वे जनसेवा और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण को अपनी प्राथमिकता बताया।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि रामचरण आदित्य का लंबा सामाजिक और पत्रकारिता अनुभव संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पार्टी नेताओं ने उनकी नियुक्ति पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव का लाभ संगठन और समाज दोनों को मिलेगा।
रामचरण आदित्य की यह नई जिम्मेदारी पत्रकारिता से जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। स्थानीय स्तर पर उनकी नियुक्ति को लेकर समर्थकों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है।





