वायुसेना अधिकारी की पत्नी से रेप, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण का आरोप, 2 गिरफ्तार

नागपुर में वायुसेना अधिकारी की पत्नी ने रेप, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक मौलाना फरार है। पढ़ें पूरी खबर।
Nagpur Crime News: महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी से कथित रेप, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल एक मौलाना अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रेप, ब्लैकमेल, जबरन वसूली, धर्मांतरण और अंधश्रद्धा विरोधी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
स्कूल का साथी निकला मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अयाज ताज मदारे पीड़िता का स्कूल के दिनों का परिचित है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले उससे प्रॉपर्टी खरीदने के बहाने संपर्क किया और बाद में विश्वास में लेकर उसे अपने जाल में फंसा लिया।
होटल में बुलाकर रेप का आरोप
एफआईआर के मुताबिक, फरवरी 2025 में आरोपी ने महिला को वर्धा रोड स्थित एक होटल में बुलाया। महिला का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ मिला जूस पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए।
वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसका यौन शोषण किया। इतना ही नहीं, ब्लैकमेल कर उससे करीब 4 लाख रुपये भी वसूल लिए गए।
धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप
महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। उसने धार्मिक रस्मों के नाम पर कई गतिविधियां कराईं और कथित तौर पर आयतें पढ़कर उस पर फूंकता था।
जबरन ‘कबूल है’ कहलवाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, 31 मई को आरोपी महिला को नागपुर के पास कलमेश्वर क्षेत्र में ले गया, जहां उसकी मुलाकात अमीन शेख और एक मौलाना से कराई गई। पीड़िता का आरोप है कि सुनसान स्थान पर उससे जबरन ‘कबूल है’ कहलवाया गया और दावा किया गया कि उसका धर्म परिवर्तन कराकर अयाज मदारे से निकाह करा दिया गया है।
पति के लौटने पर दर्ज कराई शिकायत
महिला ने बताया कि 12 जून को जब उसके पति ड्यूटी से घर लौटे, तब उसने पूरी घटना की जानकारी उन्हें दी। इसके बाद दोनों ने सोनेगांव पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की फोरेंसिक जांच
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मौलाना की तलाश जारी है। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए गए हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, बार-बार यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली, जबरन धर्मांतरण तथा महाराष्ट्र अंधश्रद्धा एवं काला जादू विरोधी कानून की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
Disclaimer: यह मामला पुलिस में दर्ज शिकायत और प्रारंभिक जांच पर आधारित है। आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही होगा।





