करमता भाजी खाने से एक ही परिवार के 10 सदस्य बीमार, उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य

जांजगीर-चांपा के ग्राम कड़ारी में करमता भाजी खाने के बाद एक ही परिवार के 10 सदस्य बीमार हो गए। बीडीएम अस्पताल चांपा में उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य बताई गई है।
जांजगीर-चांपा / छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कड़ारी में करमता भाजी के सेवन के बाद एक ही परिवार के 10 सदस्य अस्वस्थ हो गए। सभी मरीजों का इलाज बीडीएम अस्पताल चांपा में किया गया, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
एसडीएम चांपा पवन कोसमा ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने 16 जून की रात भोजन के साथ करमता भाजी का सेवन किया था। इसके बाद 17 जून की सुबह उन्हें पेट दर्द, दस्त और अन्य पेट संबंधी समस्याएं होने लगीं। तबीयत बिगड़ने पर सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दारंग में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद सभी मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा रेफर किया गया। अस्पताल में उपचार शुरू होने के बाद मरीजों की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ। वर्तमान में सभी की हालत सामान्य है और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। अधिकांश सदस्य पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि एक-दो लोगों में हल्के लक्षण शेष हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक उपचार और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं एसडीएम पवन कोसमा और डॉक्टर नवल किशोर ध्रुव ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना तथा उपचार व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी मरीज खतरे से बाहर हैं।





