Crime

इंस्टाग्राम पर युवती की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल कर मांगे 70 हजार रुपये, बिहार से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी

जांजगीर-चांपा, 18 जून 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने इंस्टाग्राम पर युवती की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेलिंग करने वाले मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती से 70 हजार रुपये की मांग कर रहा था। मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

20260618 180028 Console Crptech

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने सिटी कोतवाली जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई थी कि बिहार निवासी अकबर खान ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे दोस्ती की और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद आरोपी जांजगीर आया और युवती को झांसे में लेकर उसकी फोटो एवं वीडियो बना लिए।

आरोप है कि बाद में अकबर खान ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करना शुरू कर दिया। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने सामग्री हटाने के बदले 70 हजार रुपये की मांग की। लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

साइबर जांच के बाद बिहार से पकड़ा गया आरोपी

मामले की जांच के दौरान इंस्टाग्राम आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की साइबर सेल की मदद से जांच की गई। जांच में मुख्य आरोपी की लोकेशन बिहार के रोहतास जिले में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने बिहार पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही प्रेम कुमार सूर्यवंशी और शिवम भवानी नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी अकबर खान लगातार सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो वायरल कर पीड़िता को धमका रहा था।

पूछताछ में स्वीकार किया अपराध

गिरफ्तार आरोपी अकबर खान (20 वर्ष), निवासी ग्राम चूरेसर, थाना अमझोर, जिला रोहतास (बिहार) से पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार कंवर, एएसआई अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर और आरक्षक लीला राम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button