उर्वरक भंडारण में अनियमितता पर विकास ट्रेडर्स खरौद का गोदाम सील, 213 बोरी खाद जब्त

जांजगीर-चांपा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई। विकास ट्रेडर्स खरौद के गोदाम में अनियमितता मिलने पर 213 बोरी उर्वरक जब्त कर गोदाम सील किया गया। राहौद में 76.75 क्विंटल बीज के विक्रय पर भी रोक लगाई गई।
जांजगीर-चांपा, 18 जून 2026। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में विकासखंड पामगढ़ के खरौद स्थित मेसर्स विकास ट्रेडर्स के उर्वरक गोदाम में अनियमितता पाए जाने पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोदाम को सील कर दिया और 213 बोरी उर्वरक जब्त कर लिया।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में 17 जून 2026 को विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दल ने विकास ट्रेडर्स के उर्वरक गोदाम एवं विक्रय प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पॉस मशीन में दर्ज उर्वरकों और गोदाम में उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान नहीं पाया गया। इसके अलावा मूल्य सूची, लाइसेंस और निर्धारित मूल्य बोर्ड भी नियमानुसार प्रदर्शित नहीं किए गए थे।
निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर विभाग ने गोदाम में रखे कुल 213 बोरी उर्वरक को जब्त कर सीलबंद कर दिया। जब्त किए गए उर्वरकों में सिंगल सुपर फॉस्फेट (दानेदार) 52 बोरी, सिंगल सुपर फॉस्फेट (पाउडर) 53 बोरी, ट्रिपल सुपर फॉस्फेट 9 बोरी, एनपीके (5:15:0:10) 78 बोरी और यूरिया 21 बोरी शामिल हैं।
इसी दौरान विकासखंड पामगढ़ के मेसर्स गायत्री कृषि सेवा केंद्र, राहौद में भी जांच की गई। यहां बिना स्रोत प्रमाण पत्र के बीज विक्रय किए जाने की पुष्टि होने पर विभाग ने 76.75 क्विंटल बीज के विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए जिलेभर में निजी कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





