NEET UG Re-Exam 2026: 21 जून की परीक्षा के लिए NTA के सख्त नियम, जानें क्या ले जाना है और क्या नहीं

21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET UG री-एग्जाम के लिए NTA ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जानें परीक्षा केंद्र में कौन-सी वस्तुएं प्रतिबंधित हैं और क्या साथ ले जा सकते हैं।
जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली री-नीट (यूजी) परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
एनटीए के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, ईयरफोन, हेडफोन, पेन ड्राइव और कैमरा सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।
इसके अलावा अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की लेखन सामग्री, नोट्स, रफ शीट, ज्योमेट्री बॉक्स, पेन, पेंसिल, बैग, पर्स, ज्वेलरी, सिक्के, चाबी, धूप का चश्मा, टोपी, स्कार्फ, ऊंची एड़ी के जूते और पूरी बाजू की शर्ट पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
परीक्षा केंद्र में क्या ले जा सकेंगे अभ्यर्थी?
अभ्यर्थियों को केवल निम्नलिखित वस्तुएं साथ रखने की अनुमति होगी—
- पूर्ण रूप से भरा हुआ एडमिट कार्ड (प्रिंटेड कॉपी)
- पोस्टकार्ड आकार का फोटो
- दो पासपोर्ट साइज फोटो
- मूल वैध पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि)
- पारदर्शी पानी की बोतल
रिपोर्टिंग समय और सुरक्षा जांच
परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित की गई है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा तथा मेटल डिटेक्टर के माध्यम से सुरक्षा जांच भी की जाएगी।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार का सामान रखने की व्यवस्था उपलब्ध नहीं होगी। ऐसे में अभिभावकों और अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे केवल आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही परीक्षा केंद्र पहुंचें।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है, ताकि सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।





