सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विशेष ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, 1000 से अधिक श्रद्धालु रवाना

रायपुर से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए विशेष ट्रेन रवाना। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ किया। 1000 से अधिक श्रद्धालु, कलाकार और साहित्यकार यात्रा में शामिल।
रायपुर, 22 जून 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के तहत विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और आस्था का प्रमुख प्रतीक है, जिसने अनेक आक्रमणों के बावजूद अपनी पहचान और श्रद्धा को अक्षुण्ण बनाए रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारतीय संस्कृति की दृढ़ता और जनआस्था की शक्ति को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ राष्ट्रीय स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत यह विशेष सांस्कृतिक यात्रा आयोजित की गई है।
1000 से अधिक विशिष्टजन और कलाकार हुए रवाना
इस विशेष ट्रेन के माध्यम से छत्तीसगढ़ से 1000 से अधिक विशिष्टजन, पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्व, राज्य एवं राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कलाकार और साहित्यकार सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए रवाना हुए। यात्रा में शामिल श्रद्धालु अपने साथ छत्तीसगढ़ के विभिन्न शिवालयों की पवित्र मिट्टी और प्रदेश की प्रमुख नदियों का जल लेकर जा रहे हैं, जिसे भगवान सोमनाथ को अर्पित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने भगवान सोमनाथ से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
सरदार पटेल के योगदान का किया स्मरण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रतीक के रूप में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। उन्होंने याद दिलाया कि 75 वर्ष पूर्व देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर का लोकार्पण किया था।
सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनेगी यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के शिवालयों की पवित्र मिट्टी और नदियों के जल को सोमनाथ धाम तक ले जाना भारत की सांस्कृतिक एकता का जीवंत उदाहरण है। यह यात्रा श्रद्धा, संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव को जोड़ने का कार्य करेगी।
संस्कृति मंत्री ने दी शुभकामनाएं
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को निकट से जानने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने भगवान सोमनाथ से प्रदेश और देश की समृद्धि, शांति और विकास की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए और उनकी सफल एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।





