Breaking news

रायगढ़ इस्पात प्लांट में बड़ा हादसा: फर्नेस ब्लास्ट में 4 मजदूर झुलसे, मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ इस्पात प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट से 4 मजदूर झुलस गए। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस और सुरक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित एक इस्पात संयंत्र में बुधवार दोपहर बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट के फर्नेस में अचानक रिसाव होने के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में चार मजदूर झुलस गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर के समय प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। इसी दौरान फर्नेस में तकनीकी गड़बड़ी के कारण रिसाव हुआ और देखते ही देखते तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। विस्फोट की चपेट में आकर अमरेश कुमार (35), रामनाथ, उजेन्द्र और फिरोज घायल हो गए।

घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। उद्योग प्रबंधन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ के अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक संचालक राहुल पटेल ने बताया कि चारों श्रमिक करीब 10 प्रतिशत तक झुलसे हैं। इनमें से एक श्रमिक के हाथ में फ्रैक्चर भी हुआ है। दो श्रमिकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम जांच के लिए रवाना कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में फर्नेस से रिसाव को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों का उपचार जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button