छत्तीसगढ़: CRPF जवान ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम

बलरामपुर के कुंदीकला गांव में CRPF जवान राजाराम प्रजापति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी से विवाद के बाद हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी।
बलरामपुर, 25 जून 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। जवान ने अपने घर के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला निवासी राजाराम प्रजापति (35) CRPF में पदस्थ थे और उनकी ड्यूटी जम्मू-कश्मीर में थी। वह कुछ दिनों की छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे। इस दौरान उनका पत्नी के साथ लगातार विवाद चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक बुधवार को भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। विवाद के बाद राजाराम गुस्से में घर से रस्सी लेकर बाहर निकले और घर के पास स्थित आम के पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। घटना को देख उनकी मां ने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने तत्काल फंदे से नीचे उतारकर राजाराम को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। हालांकि जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि करीब छह माह पहले भी राजाराम प्रजापति ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। उस समय उन्होंने एक वीडियो जारी कर पैसों की मांग, जान से मारने की धमकी और परिवार से बातचीत करने से रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों और पारिवारिक विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।





