News

Janjgir Champa Bharatmala Road Closed: निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल पर निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। आम नागरिकों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है।

जांजगीर-चांपा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल पर निर्माणाधीन उरगा–बलौदा और पंतोरा–बिलासपुर भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब इस मार्ग से किसी भी छोटे या बड़े वाहन का आवागमन नहीं हो सकेगा।

यह निर्णय पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में किए गए प्रयासों के बाद लागू किया गया है।

यातायात पुलिस की पहल लाई रंग

यातायात पुलिस ने पहले ही भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक को पत्र भेजकर निर्माणाधीन सड़क पर वाहनों के संचालन को जोखिमपूर्ण बताते हुए आवागमन रोकने की मांग की थी। लगातार दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए परियोजना प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है।

वैकल्पिक मार्ग का करें उपयोग

पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक भारतमाला मार्ग का उपयोग न करें। इस मार्ग पर फिलहाल एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी निगरानी सहित अन्य सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसलिए सुरक्षित यात्रा के लिए केवल वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील

जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी बल्कि अन्य लोगों की भी सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button