मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बम्हनीडीह को दी बड़ी सौगात, हसदेव नदी पर पुल सहित तीन बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर-चांपा के बम्हनीडीह नगर पंचायत में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हसदेव नदी पर पुल, बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय और सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन की घोषणा की।
जांजगीर-चांपा, 2 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के नवगठित नगर पंचायत बम्हनीडीह के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल निर्माण, बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय की स्थापना और सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है और नगर पंचायतें केवल प्रशासनिक इकाइयां नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं को साकार करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना और सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी कार्यशैली अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का विस्तार करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। इसी दिशा में बम्हनीडीह के विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा की गई है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने विकास कार्यों को तेज गति दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को पक्के मकान, किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब बम्हनीडीह जैसे उभरते नगरीय क्षेत्रों का समग्र विकास होगा। सरकार प्रदेश के सभी नगरों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण नागरिक सेवाएं और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े और विधायक किरण सिंह देव ने भी संबोधित किया। समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





