बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री का जन्मदिन जांजगीर में सेवा कार्यों के साथ मनाया गया

जांजगीर-चांपा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के जन्मदिन पर केला प्रसाद वितरण, भोजन प्रसाद और फलदार वृक्षों का पौधारोपण कर सेवा कार्यों के साथ जन्मोत्सव मनाया गया।
जांजगीर-चांपा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के जन्मदिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले में बागेश्वर धाम शिष्य मंडल द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत जांजगीर स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच केला प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद नैला स्थित नहरिया बाबा मंदिर परिसर में भोजन प्रसाद का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

जन्मोत्सव के अवसर पर राम मंदिर परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार वृक्षों का पौधारोपण भी किया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर बागेश्वर धाम शिष्य मंडल जांजगीर-चांपा के प्रभारी रोशन, सह प्रभारी प्रीतम, सोनम तिवारी, हेमा सोनी, संगीत कश्यप, मंतोष कर्ष, लाकेश्वर कश्यप, रवि कुमार, बिसाहू कश्यप, राकेश, अनीला, प्रदीप सहित बड़ी संख्या में शिष्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।





