छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शिकायतों पर कलेक्टर ने लिया नागरिकों से फीडबैक

जांजगीर-चांपा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे स्वयं लाभार्थियों से फोन पर बात कर समाधान की गुणवत्ता का फीडबैक ले रहे है।

जांजगीर-चांपा, 9 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। जिले में कलेक्टर जन्मेजय महोबे शिकायतों के निराकरण के बाद स्वयं शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर समाधान की गुणवत्ता का फीडबैक ले रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिकायतों का केवल औपचारिक निपटारा न हो, बल्कि नागरिकों को वास्तविक और संतोषजनक समाधान मिले।

IMG 20260709 WA0260 Console Crptech

जिला प्रशासन के अनुसार, पामगढ़ विकासखंड के ग्राम भंवतरा निवासी देवेन्द्र दिनकर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में राशन कार्ड एवं राशन वितरण से जुड़ी समस्या दर्ज कराई थी। संबंधित विभाग ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायत का समाधान किया। इसके बाद कलेक्टर ने स्वयं उनसे फोन पर चर्चा कर जानकारी ली। शिकायतकर्ता ने समाधान पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

इसी तरह पामगढ़ विकासखंड के ग्राम पंडरी निवासी नवीन कुमार वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त जारी कराने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। विभाग द्वारा प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनकी समस्या का भी निराकरण किया गया। कलेक्टर ने फोन पर उनसे फीडबैक लिया, जिस पर उन्होंने समाधान से संतुष्टि व्यक्त करते हुए प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा के भीतर संवेदनशीलता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

प्रदेश सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन, जवाबदेही और नागरिक हित सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत कर रही है।

Related Articles

Back to top button