जांजगीर-चांपा पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक: SP ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब और जुआ-सट्टा पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने अपराध समीक्षा बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने, अवैध शराब और जुआ-सट्टा पर सख्त कार्रवाई तथा बेहतर पुलिसिंग के निर्देश दिए।
जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने शुक्रवार को पुलिस लाइन जांजगीर में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराधों, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई तथा बेहतर पुलिसिंग को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही निगरानीशुदा एवं गुंडा-बदमाशों पर सतत नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
लापरवाही पर दो अधिकारियों को फटकार
अपराध समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर थाना बम्हनीडीह प्रभारी दिलीप सिंह को उनके क्षेत्र में अवैध शराब के मामलों को लेकर कड़ी फटकार लगाई गई। वहीं नैला चौकी प्रभारी रंजीत कंवर को रात्रि गश्त में लापरवाही और आपराधिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने पर चेतावनी दी गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों का सम्मान
बैठक में बेहतर पुलिसिंग करने वाले अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। थाना प्रभारी अकलतरा भास्कर शर्मा को हाल ही में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में सफलता के लिए सराहा गया। वहीं थाना प्रभारी शिवरीनारायण कृष्ण पाल सिंह को गंभीर आपराधिक प्रकरण के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण पर पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अपराध, अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।





