Janjgir Champa: पामगढ़ के डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण को 6.05 करोड़ रुपये की मंजूरी, 4.337 किमी सड़क बनेगी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर मिली प्रशासनिक स्वीकृति, चक्का जाम के बाद पूरी हुई ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग

जांजगीर-चांपा/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रामीण सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत पामगढ़–दृलाहौद मार्ग से डोंगाकोहरौद बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 605.09 लाख रुपये (6.05 करोड़ रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस स्वीकृति के तहत 4.337 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीणों की प्रमुख मांग रही है। सड़क बनने से डोंगाकोहरौद बस्ती सहित आसपास के गांवों के लोगों को वर्षभर सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पामगढ़ में चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से सड़क की समस्या के कारण उन्हें आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
नई सड़क बनने से छात्रों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने में सुविधा होगी, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी और किसानों को कृषि उपज के परिवहन में भी राहत मिलेगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का कहना है कि प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।





