छत्तीसगढ़

बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस करेगी आंदोलन

जांजगीर-चांपा में कांग्रेस ने बिजली दर वृद्धि, स्मार्ट मीटर हटाने और 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया।

जांजगीर-चांपा, 1 अगस्त। बिजली दरों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर व्यवस्था और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन की घोषणा की है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि अगस्त माह से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आवेदन भरवाएंगे और स्मार्ट मीटर हटाने तथा बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग करेंगे।

उन्होंने बताया कि यह अभियान दो माह तक चलेगा। इसके बाद जिला मुख्यालयों में बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव कर एकत्रित आवेदन सौंपे जाएंगे। जिला स्तर पर आंदोलन के बाद मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की भी योजना है।

पत्रकार वार्ता में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने घरेलू, गैर-घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं की बिजली दरों में वृद्धि की है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी हुई है और इससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में अधिक आ रहे हैं तथा अनुबंध भार क्षमता बढ़ाने जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं। पार्टी ने इन मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा, नारायण सोनी, गिरधारी यादव, रफीक सिद्दीकी, नागेंद्र गुप्ता, सेवक बूटू देवांगन, भगवान दास गढ़वाल, शिशिर द्विवेदी, दुर्गा कुर्रे, सुनील साधवानी, रामविलास राठौर, राजकुमार सरोज, हरीश श्रीवास सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button