छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण

जांजगीर-चांपा में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण किया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

जांजगीर-चांपा, 15 अगस्त 2026। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय जांजगीर के शासकीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्रीगुरू खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

IMG 20260815 WA0276 Console Crptech

समारोह के दौरान मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने हर्ष, उमंग और देशभक्ति के प्रतीक तिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 जांजगीर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण का संदेश दिया गया।

समारोह में विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इसके अलावा कलेक्टरजन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी समारोह में शामिल हुए।

परेड में जिला पुलिस बल और एनसीसी ज्ञानदीप ने हासिल किया प्रथम स्थान

स्वतंत्रता दिवस समारोह में आयोजित परेड के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल जांजगीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एनसीसी बालिका टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर को द्वितीय और एनसीसी बालक टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर को तृतीय स्थान मिला।

परेड जूनियर वर्ग में एनसीसी ज्ञानदीप उमावि जांजगीर प्रथम रहा। एनसीसी 325 ट्रूप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर बालक ने द्वितीय और सेजेस क्रमांक-1 बालिका जांजगीर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

गाइड दल में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गट्टानी जांजगीर ने प्रथम और शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय जांजगीर ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरदी प्रथम

स्वतंत्रता दिवस समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ज्ञानदीप उमावि जांजगीर द्वितीय और सेजेस चांपा तृतीय स्थान पर रहा।

शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय के कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम का संचालन सतीश सिंह एवं दीपक यादव ने किया।

Related Articles

Back to top button